-हरियाणा स्वास्थ्य हैल्प लाईन टोल फ्री नंबर 104 की शुरूआत
चंडीगढ़, 21 मार्च।
सुनील कुमार जांगड़ा.
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की लोगों को ऑन लाईन नागरिक सेवाएं उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता की कड़ी में हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने बडी पहल करते हुए डॉक्टर से मिलने का समय लेने के लिए टोल फ्री नंबर डायल 104 की सुविधा उपलब्ध करवाई है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुश्री आरती सिंह राव ने इस पोर्टल का शुभारंभ आज पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित विश्राम गृह से किया। इसके बाद पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि आज स्वास्थ्य विभाग के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित शिकायतों को भी इस पोर्टल पर दर्ज करवाया जा सकता है। शिकायतकर्ता से 5 दिन के अंदर-अंदर काॅल बैक की जाएगी। इस पोर्टल पर दवाइयों के बारे में जानकारी ली जा सकेगी। इस दौरान प्रदेश से सभी सीएमओ वीसी से जुडे। उन्होंने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य नागरिक अस्पतालों में लोगों को लाईन में लगने से बचाना है। डायल 104 पर पहले से डॉक्टर से परामर्श लेने का समय लिया जा सकेगा। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जा रहा है। अभी हाल ही में 761 डॉक्टरों को नई नियुक्ति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि पहले से जारी ई-टेली मेडिसन सेवाओं को भी इसके साथ एकीकृत किया जाएगा। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि अस्पतालों के मरम्मत का कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग के साथ शीघ्र ही बैठक करेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉक्टर मनीष बंसल, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक डॉक्टर वीरेंद्र यादव, डॉक्टर कुलदीप सिंह व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
…….
ढोसी हिल्स की तलहटी में मनाया ‘‘विश्व वानिकी दिवस’’
पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार – राव नरबीर सिंह
चण्डीगढ़, 21 मार्च।
हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि भोजन, जलवायु संतुलन और जैव विविधता के संरक्षण होने के कारण पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए जंगलों को और अधिक समृद्ध बनाना होगा। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार बखूबी तरीके से आगे बढ़ा रही है।
राव नरबीर सिंह आज विष्व वानिकी दिवस के अवसर पर ढोसी हिल्स की तलहटी पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री ने कहा कि जब तक वन संरक्षित नहीं होंगे तो हमारा जीवन भी सुरक्षित नहीं रहेगा। अगर हम अभी से जागरूक नहीं होंगे तो आने वाली पीढ़ियों की उम्र कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हम सबको प्रत्येक शुभ अवसर पर एक पेड़ लगाकर उसके बड़े होने तक उसकी पूरी देखभाल करनी चाहिए।
श्री सिंह ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे ब्याह शादियों में कार्ड के चलन को बंद करें। इसकी बजाय हमारे पूर्वजों की चावल देने की परंपरा के साथ-साथ डिजिटल कार्ड भेजें। इसके अलावा, उन्होंने पॉलिथीन का प्रयोग न करने का भी आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक कार्य करते हुए हरियाणा सरकार ने एक अनोखी योजना शुरू की है, जिसमें 75 साल या उससे अधिक उम्र के पेड़ों की देखभाल करने वाले व्यक्तियों को हर वर्ष तीन हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना का नाम ‘‘प्राण वायु देवता योजना’’ है और इसका उद्देश्य पेड़ों की कटाई को रोकना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा अरावली की पहाड़ियों को बचाने के लिए अरावली ग्रीन वॉल योजना की शुरूआत की गई है तथा अरावली ग्रीन यात्रा की भी शुरूआत की जायेगी। यह योजना गुजरात, राजस्थान, हरियाणा तथा दिल्ली में भी लागू की जायेगी। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में 53 हर्बल पार्क बनाए हैं जिनमें विभिन्न प्रकार की जड़ी बूटियां के अलावा महत्वपूर्ण प्रजातियों के पेड़ लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पिंजौर से कलेसर तक एक नेचुरल रेल बनाई गई है, जिसकी लम्बाई 153 किलोमीटर है तथा दूसरी तरफ अरावली क्षेत्र में गुरूग्राम एवं नूंह की पहाड़ियों में संसार की सबसे बड़ी वन्यजीव सफारी अरावली सफारी पार्क बनाने की घोषणा की गई है ।
…….
चंडीगढ़, 21 मार्च।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाने के प्रति जवाबदेह है। पिछले 1 महीने से निर्वाचन आयोग ने 1 करोड़ से अधिक चुनाव अधिकारियों व कर्मचारियों की क्षमता वृद्धि के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये हैं।
उन्होंने बताया कि राज्यों के चुनाव पंजीयन अधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों व मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के स्तर पर राजनीतिक पार्टियों के लगभग 5 हजार प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने जानकारी दी है कि लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ में लगभग 100 करोड़ पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं और इससे विदेशों में भारत की साख एक मजबूत लोकतंत्र के रूप में जानी जाती है। उन्होंने बताया कि यूआईडीएआई तथा इस क्षेत्र से जुड़े अन्य विशेषज्ञों के साथ भी शीघ्र ही तकनीकी पहलुओं पर परामर्श लेगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हालांकि एक मतदाता उसी मतदान केंद्र पर अपना वोट डाल सकता है। आयोग ने देशव्यापी स्तर पर डुप्लीकेट मतदाता पहचान पत्र को खत्म करने के लिए एक विशेष मतदाता फोटो पहचान पत्र बनाने की शुरुआत की है जिसे तीन महीनों में पूरा किया जायेगा। उन्होंने बताया कि त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार करने में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट की अहम भूमिका होती है जो बूथ लेवल अधिकारी को मतदाता बारे सटीक जानकारी उपलब्ध कराता है। संशोधित मतदाता सूची तैयार करने की एक निरंतर प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी के द्वारा की जाती है। राजनीतिक दलों की चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रक्रिया को अखिल भारतीय स्तर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पूरा करना है। भारत निर्वाचन आयोग ने भी राजनीतिक दलों से 30 अप्रैल, 2025 तक सुझाव आमंत्रित किये हैं। इसके अलावा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि आयोग से नई दिल्ली व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए भी समय मांग सकते हैं।
…….
जल शक्ति अभियान – कैच द रैन 2025” का शुभारंभ पंचकूला से होगा आज
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल का स्वागत
चंडीगढ़, 21 मार्च।
सुनील कुमार जांगड़ा.
हरियाणा द्वारा पिछले 10 वर्षों में निरंतर किए जा रहे सफलतापूर्वक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों को देखते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को फिर से एक बड़े अभियान के आयोजन की जिम्मेवारी सौंपी है। इसी कड़ी में “जल शक्ति अभियान-कैच द रैन 2025” के छ्ठे संस्करण का राष्ट्र स्तरीय शुभारंभ पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम से 22 मार्च 2025 को किया जाएगा।
एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल मुख्य अतिथि होंगे।
इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह व सिंचाई एवं जलसंसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
यहां उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में जल शक्ति अभियान की शुरुआत 2019 में हुई थी। इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य जल संचयन, तालाबों और जल स्त्रोतों का पुनर्जीवन, मॉनसून के जल का पुनः उपयोग, विल्पुत हो रहे नदी मागों का पुनजीवन जैसे महत्वपूर्ण प्रयासों आधारित है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा पौंड अथॉरिटी का गठन किया गया है, जो प्राचीन तालाबों के पानी को उपचारित कर सिंचाई व अन्य कार्यों के लिए उपयोग करने के प्रति लोगों को प्रेरित कर रही है। यह कार्यक्रम भी उसी कड़ी का हिस्सा है।