मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने हरियाणा के प्रयासों की सराहना की
मुख्यमंत्री ने सेक्टर-9 पंचकूला में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना


चंडीगढ़, 29 दिसम्बर।
सुनील कुमार जांगड़ा.
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कुरुक्षेत्र में मलेरिया रोकथाम पर किये गए कार्य को पूरे देश के लोगों को मन की बात कार्यक्रम में सुनाया। प्रधानमंत्री ने पूरे देश को बताया कि कुरुक्षेत्र ने मलेरिया को लेकर मॉडल प्रस्तुत किया गया है। यहां पर स्वास्थ्य विभाग हरियाणा की टीम ने मच्छरों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाकर कामयाबी पाई और लोगों को रेडियो व अन्य माध्यमों से संदेश देकर जागरूक करते हुए मलेरिया पर अंकुश लगाने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में हरियाणा राज्य की तारीफ की और भारत में मलेरिया की रोकथाम के लिए उठाए जा रहे कदमों की विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी सराहना की है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सेक्टर-9 पंचकूला में आज कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 14 जनवरी से प्रयागराज में शुरू होने वाले महाकुंभ के बारे में अवगत करवाया है। यह हमारी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ा हुआ अहम विषय है। महाकुंभ में देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है, ये कार्यक्रम प्रेरणादाय भी है। इस कार्यक्रम से हमें खेल, खेती, स्वास्थ्य व रोजगार सहित अनेक क्षेत्रों की अहम जानकारी प्राप्त होती है। किसानों द्वारा किसान उत्पादक संगठन बनाकर सामूहिक कामों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अलावा नई-नई इनोवेशन की भी जानकारी मिलती है। जिन्हें हम अपनाकर आगे बढ़ सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों के सराहनीय कार्यों को उजागर करने से अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया कार्यक्रम भी देश में काफी लोकप्रिय रहा। देश के अनेक लोगों को इसका लाभ मिला।
मुख्यमंत्री ने निरंकारी भवन में चल रहे सत्संग में लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला स्थित संत निरंकारी भवन में पहुंचकर चल रहे सत्संग में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मंडल द्वारा अनेक सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़ कर भाग लिया जाता है। पिछले दिनों संत निरंकारी अध्यात्मिक स्थल समालखा में आयोजित प्रधानमंत्री की मुहिम के एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला, जिसमें करीब 30 हजार पौधे लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि सतगुरू माता सुदीक्षा जी महाराज के नेतृत्व रक्तदान शिविर, स्वच्छता कार्यक्रमों में भी बढ़कर भाग लिया जाता है। इस प्रकार यह मंडल सामाजिक कार्य कर समाज को लाभ पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
इस मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम हर बार देश को नई दिशा देने का करता है कार्य: हरविंद्र कल्याण
चंडीगढ़, 29 दिसंबर।
हरियाणा के विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम हर बार देश को एक नई दिशा प्रदान करता है। इससे प्रेरणा लेकर देश का हर वर्ग अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए अग्रसर होता है। यह कार्यक्रम हम सबको कुछ नया करने की ओर संकल्पित करता है। यही कारण है देश के युवाओं के साथ-साथ हर वर्ग इस कार्यक्रम के प्रसारण को लेकर उत्साहित रहता है। विधानसभा अध्यक्ष आज करनाल के गांव जाणी में मन की बात के 117 वें एपिसोड के प्रसारण कार्यक्रम उपरांत उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम देश के युवाओं के लिए ज्ञानवर्धन का कार्य करता है। इससे उन्हें पूरे देश की भौगोलिक परिस्थितियों और विभिन्न संस्कृतियों के बारे भी पता चलता हैं। प्रधानमंत्री के मुख से देश के अलग-अलग क्षेत्रों में विषम परिस्थितियों के बावजूद वहां के लोगों की संघर्ष की कहानियां और उनकी सफलता के किस्से युवाओं को जीवन में कुछ बड़ा करने के लिए प्रेरित करते हैं। इस बार के कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री ने देश को नए साल में नई ऊर्जा के साथ कार्य करने का संदेश दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि आगामी 26 जनवरी को देश के संविधान को लागू हुए 75 वर्ष होने जा रहें है। यह हम सबके लिए गौरव की बात है। संविधान हम सब के लिए सर्वोपरि और देश का मार्गदर्शक है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जिला कुरुक्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग तथा आमजन द्वारा मलेरिया रोकथाम के प्रयासों की भी सराहना की है। नुक्कड नाटकों और आमजन की सक्रिय भागीदारी से गंदगी व मच्छरों पर काबू पाते हुए मलेरिया को फैलने से रोकने में मदद मिली है जोकि काबिले तारीफ हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के माध्यम से प्रयागराज मे आगामी 13 जनवरी से प्रारंभ होने जा रहे महाकुंभ के लिए भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। महाकुम्भ अनेकता में एकता का एक भव्य उदाहरण होगा, जहां से संदेश मिलेगा गंगा की अविरल धारा, ना बंटे समाज हमारा और महाकुम्भ का संदेश, एक हो पूरा देश।
उन्होंने महाकुंभ के बारे विस्तृत जानकारी के लिए इस बार एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के प्रयोग की भी बात कही, जिससे 11 विभिन्न भाषाओं में पूरे महाकुंभ की जानकारी मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा है कि महाकुम्भ विशालता और विविधता का प्रतीक है जहाँ करोड़ों लोग, लाखो संत, सैकड़ों संप्रदाय और अनेकों अखाड़े इस आयोजन के साक्षी बनेगे।