Skip to content

Haryana Uday News

Menu
  • Latest
  • हेल्थ न्यूज़
  • फरीदाबाद
  • क्राइम न्यूज़
  • देश-दुनिया
  • Uncategorized
Menu

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सादगी स्वभाव और कार्यप्रणाली की प्रशंसा

Posted on March 31, 2025
  • नायब सिंह सैनी शांत, सौम्य व्यक्तित्व के साथ साथ कुशल प्रशासक भी

हरियाणा में अब पहले की तरह नौकरियों में भेदभाव, जातिवाद नहीं होता, बिना पर्ची- खर्ची के नौकरी की व्यवस्था कायम होने से युवाओं में सरकार के प्रति बढ़ा विश्वास – अमित शाह

*5 साल में देश का एक भी ऐसा जिला नहीं बचेगा जहां, मेडिकल कॉलेज नहीं होगा – केंद्रीय गृह मंत्री

चंडीगढ़, 31 मार्च।
सुनील कुमार जांगड़ा.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के सादगी स्वभाव और कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्री नायब सिंह सैनी शांत, सौम्य व्यक्तित्व के साथ साथ एक कुशल प्रशासक भी हैं। हरियाणा में अब पहले की तरह नौकरियों में भेदभाव, जातिवाद नहीं किया जा रहा। एक क्षेत्र के लोगों को तवज्जो नहीं दी जाती बल्कि बिना खर्ची पर्ची के अब युवाओं को रोजगार मिलते हैं। ऐसी व्यवस्था नायब सरकार ने की है, जो उदाहरण बनी है। हरियाणा में बिना पर्ची और खर्ची के पारदर्शिता से नौकरी की व्यवस्था कायम होने से युवाओं में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है।

केंद्रीय मंत्री आज जिला हिसार के अग्रोहा स्थित महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज में आयोजित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण और आईसीयू ब्लॉक का उद्घाटन तथा पीजी हॉस्टल के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी , जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा, स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव भी उपस्थित रहे।

अपने सम्बोधन में केन्द्रीय गृह मंत्री ने हरियाणा आने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण उनके हाथ से होना, उनके स्वयं के लिए बड़ी बात है। उन्होंने गुरु अंगद देव को भी नमन करते हुए उनकी शहादत तथा सिख गुरुओं द्वारा देश के लिए दिए गए बलिदान को भी याद किया।

उन्होंने कहा कि आज स्वर्गीय ओपी जिंदल की पुण्यतिथि है, उनकी सोच पर चलते हुए आज अग्रोहा मेडिकल कालेज जन सेवा का कार्य कर रहा है। यह अस्पताल कारोबार से पहले करुणा की उनकी सोच को दर्शाता है। इस अस्पताल में 5 लाख लोग ओपीडी की सेवा लेते हैं। स्वास्थ्य सेवाओ में यह संस्था अपना अलग स्थान बनाये हुए है। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में आधुनिक तरीको से यहां मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

महाराजा अग्रसेन के कार्यकाल को किया याद

केंद्रीय गृहमंत्री ने महाराजा अग्रसेन के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी दूरगामी सोच थी। महाभारत काल से लेकर आज तक अनूठे प्रकार के शासन को उन्होंने चलाया। 5300 साल पहले उन्होंने इस विचार की नींव रखी थी कि उनके शहर में अगर कोई आता है वो लखपति होगा, उसका खुद का घर होगा। उनकी सोच राज्य के संस्कारों को सिंचित करने की थी। उन्होंने सुनिश्चित किया था कि उनके राज्य में कोई भूखा न सोए, ऐसा कोई न हो जिसके सिर पर छत न हो, या कोई व्यक्ति ऐसा न हो जिसका कारोबार न हो।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने सुशासन के लिए सिद्धांत प्रस्थापित किया। उसी रस्ते पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी चल रहे है। सरकार का विजन हर वर्ग का उत्थान करना है। इसी कड़ी में करोड़ो लोगों को आवासीय सुविधा उपलब्ध करवाई गई। 18 करोड़ जरूरतमंदों को राशन, 11 करोड़ लोगों को गैस सिलेण्डर मुहैया करवाकर धुएं से निजात दिलवाई। इसी तरह महिलाओं की सुविधा के लिए शौचालय बनाए गए। कोऑपरेटिव के साथ रोज़गार उपलब्ध करवाने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। 10 साल में अमूल चूल परिवर्तन आए हैं।

विकास के मामलों में हरियाणा ने इतिहास बनाया है

श्री अमित शाह ने कहा कि चुनाव से पहले उन्होंने श्री नायब सिंह सैनी को 22 अहम जन भलाई के कार्य करने को कहा था। तब मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें कहा कि हो जाएंगे और इन्होंने ढाई महीने में ही पूरे किए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार जहां जहां बनी है, वहां विकास को गति मिली है।

श्री अमित शाह ने कहा कि हरियाणा ऐसा पहला प्रदेश है जहां 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जाती है। मालिकाना हक लाल डोरे में आने वालों को दिया जा रहा है। यहां एक भी सरपंच अनपढ़ नहीं है। हरियाणा पहला ऐसा प्रदेश है जहां 50 फीसदी महिलाओं को पंचायत में भागीदार बनाया है। साफ पानी की उपलब्धता की बात हो या फिर गैस सिलेंडर हर घर में उपलब्ध करवाकर धुंआ रहित हरियाणा बनाने का श्रेय इसी प्रदेश को जाता है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की जीडीपी के साथ साथ जनता की सुख सुविधा, गरीबों को आगे लाने की योजना बनाने के साथ साथ इंफ्रास्ट्रक्चर को भी अग्रणी लेकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 10 साल में यूपीए के वक्त हरियाणा को केंद्र की ओर से विकास के लिए 41 हजार करोड़ दिया गया, जबकि केंद्र की बीजेपी सरकार ने 1 लाख 43 हजार करोड़ रुपए दिया। विकास के मामलों में हरियाणा ने अब इतिहास बनाया है।

5 साल में देश का एक भी ऐसा जिला नहीं बचेगा जहां, मेडिकल कॉलेज नहीं होगा

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सदृढ़ और बेहतरीन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में आने वाले 5 साल के अंदर देश का एक भी ऐसा जिला नहीं बचेगा जहां, मेडिकल कॉलेज नहीं होगा। भाजपा शासित राज्य के हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज बनाए जाने को लेकर पहले से ही काम चल रहा है, इतना ही नहीं आने वाले दिनों में मेडिकल से सम्बंधित सीट की संख्या में भी इजाफा होगा।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हॉलिस्टिक अप्रोच के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश के स्वास्थ्य के लिए काम किए है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर महिलाओं को उपलब्ध करवाए, यह महिला के स्वास्थ्य से जुड़ा पहलू था। चूल्हा जलाने के लिए धुंए को फूंकते थे 25 साल में फेफड़े खत्म हो जाते थे। मगर सरकार ने गैस सिलेंडर दिए, ताकि इससे पीछा छूटे। ऐसे ही शौचालय बनाकर दिए। इसके बाद योग मिशन आया, फिट इंडिया, पोषण अभियान भी इसी तर्ज पर शुरू हुए। मिशन इंद्रधुष के जरिये बच्चों की रोग प्रतिरोध क्षमता को बढ़ाया। आयुष्मान योजना, जल जीवन मिशन यह सब स्वास्थ्य से जुड़ी हुई है।

मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को कर रहे मजबूत

श्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार देश मे मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर खास तौर पर काम कर रही है। 64 हजार करोड़ रुपए पब्लिक और कम्युनिटी हेल्थ सेंटर के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए खर्च किए गए। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में आज देश में 23 एम्स है। श्री नरेंद्र मोदी जब प्रधानमंत्री बने तो थे तो देश में 7 एम्स थे। इनमें से 6 तो अटल जी के समय के थे। कांग्रेस के राज में 1 ही एम्स बना। इसी तरह से मेडिकल कालेज की संख्या में इजाफा किया गया। 387 से दोगुनी करके इनकी संख्या 766 हो गयी है। मेडिकल की सीटों में भी बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में मेडिकल कालेज में 85 हजार एमबीबीएस की सीट और बढ़ेंगी और आने वाले वक्त में 2 लाख मेडीकल सीट हो जाएंगी। इसी के अनुपात में पैरामेडिकल की सीटों में भी इजाफा होगा।


*प्रधानमंत्री के देश को मेडिकल हब बनाने के विजन के तहत हरियाणा सरकार हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज कर रही स्थापित – नायब सिंह सैनी

राज्य सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए रखा है 10,159 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान

चंडीगढ़ , 31 मार्च ।
सुनील कुमार जांगड़ा.

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा आने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि समाजवाद, राष्ट्रीय एकता, अहिंसा और मानव सेवा की प्रतिमूर्ति महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा का अनावरण हुआ है। साथ ही मेडिकल कॉलेज में नवनिर्मित आई.सी. यू. का उद्घाटन और पी. जी. छात्रावास का शिलान्यास भी किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को मेडिकल हब बनाने का विजन रखा है। इसे साकार करने के लिए पर्याप्त डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ का उपलब्ध होना जरूरी है। इसलिए हरियाणा सरकार हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित कर रही है। इस समय प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 15 हो गई है। इनमें से 9 मेडिकल कॉलेज हमारे कार्यकाल में खुले हैं तथा 9 निर्माणाधीन हैं। इनके अलावा, बाढ़सा, जिला झज्जर में राष्ट्रीय कैंसर संस्थान खोला गया है। माजरा, जिला रेवाड़ी में एम्स भी स्थापित किया जा रहा है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अग्रवाल समाज द्वारा महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाते हुए इस पावन धाम पर मानव सेवा के कई प्रकल्प चलाये जा रहे हैं। इनमें महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज पिछले 36 वर्षों से रोगियों की सेवा कर रहा है। इस समय यहां पर एम.बी.बी.एस. की 100 सीटें तथा पी. जी. की 85 सीटें हैं।

उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी एक महान विभूति थे। उन्होंने हजारों साल पहले यहीं अग्रोहा की अपनी वैभवशाली राजधानी से पूरे संसार को लोकतंत्र, आपसी प्रेम और अहिंसा का संदेश दिया था। उनका गणतंत्र दुनिया के सबसे बड़े गणतंत्र भारत की नींव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने महाराजा अग्रसेन जी की शिक्षाओं और सिद्धांतों की याद बनाये रखने के लिए हिसार हवाई अड्डे का नाम महाराजा अग्रसेन जी के नाम पर रखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने अग्रोहा के पुरातात्विक स्थल की खुदाई की मंजूरी दी थी, जिसका एक सप्ताह पहले 25 मार्च को शुभारंभ किया गया है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः है। हम हैल्दी इण्डिया बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘फिट इण्डिया मूवमेंट’ को सफल बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में वर्ष 2025-26 का राज्य बजट प्रस्तुत किया है। इसमें स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 9,391 करोड़ रुपये के बजट को बढ़ाकर 10,159 करोड़ रुपये किया गया है। इसके अलावा कई नई पहल भी की हैं, जिनमें अगले वित्त वर्ष में पंचकूला, पानीपत, फरीदाबाद, सोनीपत, पलवल, सिरसा, कैथल, महेन्द्रगढ़ के जिला अस्पतालों व मेडिकल कॉलेज, नूंह में अति आधुनिक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केन्द्र स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सभी जिला अस्पतालों में आधुनिक सेवाओं तथा आधुनिकतम उपकरण जैसे सिटी स्कैन, एम. आर. आई., अल्ट्रासाउन्ड, ब्लड एनालाइजर और डिजीटल एक्सरे उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा के प्रसार और जन-जन को अच्छी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए कटिबद्ध हैं। इस काम में महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज वर्षों से महान सेवाएं प्रदान कर रहा है।

इस अवसर पर जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा, स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव , विधायक श्रीमती सावित्री जिंदल, विधायक श्री रणधीर पनिहार, श्री विनोद भ्याणा, महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. आशुतोष शर्मा उपस्थित रहे।


चंडीगढ़, 31 मार्च।
सुनील कुमार जांगड़ा.

हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त, राजस्व डॉ सुमिता मिश्रा की अध्यक्षता में आज यहां हरियाणा में बड़े पैमाने पर मानचित्रण परियोजना और भू-नक्शा पोर्टल पर ततीमा अपडेशन कार्य के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक हुई।

बैठक के दौरान, डॉ. यशपाल, निदेशक भू-अभिलेख, ने अवगत कराया कि राज्य में बड़े पैमाने पर मानचित्रण का कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। इस परियोजना के तहत स्वामित्व योजना का कार्य पूरा हो चुका है और अब ध्यान कृषि भूमि एवं शहरी क्षेत्रों के मानचित्रण पर केंद्रित है। यह मानचित्रण हरियाणा सरकार को भूमि की सटीक सीमांकन में सहायता करेगा, जिससे प्रत्येक भूमि खंड का स्पष्ट निर्धारण, परिवर्तन की पहचान और किसी भी अवैध अतिक्रमण की पहचान करने में मदद मिलेगी।

ज्ञात हो इस परियोजना के तहत राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में जैम पोर्टल के माध्यम से 300 रोवर्स खरीदे हैं और उन्हें सभी जिलों में वितरित कर दिया गया है। यह सभी रोवर्स भारत सरकार द्वारा राज्य भर में स्थापित 19 सीओआरएस (Continuously Operating Reference Station) स्टेशनों से नेटवर्क के माध्यम से जुड़कर भूमि की सुगम पहचान करने में सक्षम होगें। इस संबंध में सभी 22 जिलों में भारतीय सर्वेक्षण विभाग द्वारा रोवर्स के उपयोग पर मास्टर ट्रेनरों सहित 88 कानूनगो और 335 पटवारियों को प्रशिक्षण दिया गया है ताकि वे मीनी स्तर पर इसका प्रभावी उपयोग कर सकें।

इस परियोजना के तहत ततीमा अपडेशन का कार्य भी जोरों से किया जा रहा है। हाल ही में, हार्सेक के सहयोग से जिलों द्वारा 22 पायलट गांवों का ततीमा अपडेशन कार्य पूरा किया गया है। सभी 22 जिलों के 1-1 गांव को पायलट आधार पर भू-नक्शा पोर्टल पर ऑनलाईन किया जायेगा। डॉ सुमिता मिश्रा ने निर्देश दिये कि इन 22 गांवों को 15 मई 2025 को पायलट आधार पर लॉन्च किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भूमि के सीमांकन में पारदर्शिता लाना है जिससे किसानों और भूमि मालिकों को लाभ होगा।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार, इस परियोजना के तहत सभी 22 जिलों ने ततीमा अपडेशन कार्य के लिए 440 अतिरिक्त गांवों (प्रत्येक जिला के 20 गांव) की पहचान की है, जहां पर जिलों और भारतीय सर्वेक्षण विभाग द्वारा ततीमा अपडेशन का काम शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना के पूर्ण रिकार्ड को ऑनलाईन अपडेट करने तथा भू-नक्शा पर अपलोड करने के लिए राज्य सरकार द्वारा आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर की खरीद भी शीघ्र ही कर ली जायेगी। अगस्त 2025 तक यह परियोजना पूर्ण कर ली जायेगी।


हरियाणा के मुख्यमंत्री ने चैत्र नवरात्रे के दूसरे दिन परिवार सहित माता के दरबार में पूजा अर्चना कर महामायी का लिया आशीर्वाद

सीएम ने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्र की दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने महामायी से हरियाणावासियों के सुख, शांति व समृद्धि की कामना की

चंडीगढ़, 31 मार्च।
सुनील कुमार जांगड़ा.

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चैत्र नवरात्रे के दूसरे दिन परिवार सहित माता मनसा देवी पहुचंकर माता के दरबार में माथा टेका व पूजा अर्चना कर महामायी का आशीर्वाद लिया।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने यज्ञशाला पहुंचकर हवन किया व हवन में आहुति डाली।

इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी व बेटे विनय सैनी ने भी माता का आर्शीवाद लिया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्र की बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होने कहा कि उन्होने महामायी से हरियाणावासियों के सुख और समृद्धि की प्रार्थना की है।

इस अवसर पर विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, श्रीमती बंतो कटारिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में किया महाराजा अग्रसेन की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण

कॉलेज परिसर में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त आईसीयू ब्लॉक का उद्घाटन एवं पीजी हॉस्टल का भी किया शिलान्यास

चंडीगढ़, 31मार्च।
सुनील कुमार जांगड़ा.

केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने सोमवार को जिला हिसार के अग्रोहा स्थित मेडिकल कॉलेज के परिसर में महाराजा अग्रसेन जी की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण किया और कॉलेज में नव-निर्मित आईसीयू कक्ष का उद्घाटन तथा और पीजी हॉस्टल की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित रहे।

महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा में 20 फीट ऊंची और 800 किलोग्राम वजनी महाराजा अग्रसेन की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण किया गया है। प्रतिमा का निर्माण फाइबर ग्लास और माइल्ड स्टील से किया गया है, जिस पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत आई है। प्रतिमा के नीचे 10 फीट ऊंचा प्लेटफार्म बनाया गया है, जिससे इसकी भव्यता और अधिक प्रभावशाली नजर आती है। महाराजा अग्रसेन की इस प्रतिमा का अनावरण क्षेत्र में एक नई ऐतिहासिक पहचान स्थापित करेगा।

महाराजा अग्रसेन मेडिकल एजुकेशन एंड साइंटिफिक रिसर्च सोसाइटी अग्रोहा की स्थापना 8 अप्रैल, 1988 को हुई थी। संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष स्व. ओ.पी. जिन्दल का सपना इसे चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता का केंद्र बनाना था। आज यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है। आज उद्घाटन किए गए नव-निर्मित आईसीयू आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित है। इससे गंभीर मरीजों को त्वरित एवं सटीक उपचार उपलब्ध होगा। इस आईसीयू ब्लॉक में 32 बेड हैं और इसके निर्माण पर 3.5 करोड़ की लागत आई है। इसके अलावा, पीजी हॉस्टल के शिलान्यास के साथ ही मेडिकल छात्रों को आवासीय सुविधा का विस्तार मिलेगा।

इस अवसर पर लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती राव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, सांसद नवीन जिंदल, विधायक श्रीमती सावित्री जिंदल, विधायक श्री विनोद भयाना, रणधीर पनिहार और उपायुक्त अनीश यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


युवा पीढ़ी जितना संस्कारवान होगी, उतना देश करेगा तरक्की— पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा

रचनात्मक युवाओं को दिशा देने में अहम योगदान देगी नई शिक्षा नीति

गीता विद्या मंदिर विद्यालय के वार्षिकोत्सव में मुख्यातिथि रहे कैबिनेट मंत्री

चंडीगढ़, 31 मार्च।
सुनील कुमार जांगड़ा.

हरियाणा के सहकारिता व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मैकाले शिक्षा पद्दति को बदल कर नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करके देश के युवाओं को रुचि और योग्यता अनुसार शिक्षा ग्रहण कर राष्ट्र, समाज को मजबूत बनाने का अवसर दिया है। आज हमारी युवा पीढ़ी जितना संस्कारवान होगी, उतना ही देश तरक्की करेगा।

सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा बीती देर शाम जिला सोनीपत के गोहाना में गीता विद्या मंदिर विद्यालय के वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे थे।

पर्यटन मंत्री ने अपने संबोधन में विक्रमी सम्वत नववर्ष व नवरात्रि की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री श्री नरेन्द्र मोदी चाहते हैं कि हमारा युवा रचनात्मक बने, संस्कारवान बने। इसके लिए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करते हुए इस दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को तेजी से लागू करते हुए अन्य राज्यों के सामने मिसाल पेश की है। मुख्यमंत्री खुद नवाचार और अनुसंधान पर जोर दे रहे हैं और इसके लिए उन्होंने बजट में भी आवश्यक प्रावधान किया है। आज देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी खुद युवाओं से जुड़ते हैं, उनसे परीक्षा पर चर्चा करते हुए उनको प्रोत्साहित करते हैं। इसलिए उनका मकसद है कि देश की युवा पीढ़ी ज्ञानवान व संस्कारवान बने। तभी देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने में उनकी भागीदारी हो सकेगी।

उन्होंने शिक्षकों व अभिभावकों से आह्वान किया कि वो युवाओं के साथ जुड़ें और उन्हें सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने खुशी जताई कि गीता विद्या मंदिर विद्यालय गोहाना इलाके में 46 सालों से शिक्षा की अलख जगा रहा है। आज अलग-अलग क्षेत्र में इस विद्यालय से पढ़कर युवा अच्छे पद पर जा कर जनसेवा, देशसेवा कर रहे हैं। इस अवसर पर मुख्य वक्ता विद्या भारती हरियाणा के प्रांत शैक्षणिक प्रमुख शेषपाल, नगर परिषद चेयरपर्सन रजनी विरमानी आदि उपस्थित रहे।

*……

चण्डीगढ़, 31 मार्च – हरियाणा सरकार ने अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विभाग के कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में पहले ही विभाग के अधिकारियों की नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल के साथ दो बैठकें हो चुकी हैं।

हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विभाग के प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि संघ के प्रतिनिधियों ने विभाग के अधिकारियों के समक्ष जो मुद्दे मांग-पत्र के माध्यम से उठाये थे , उन पर विस्तार चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिन मुद्दों पर दोनों पक्षों में सहमति बनी है उनको सरकार को आगे की कार्रवाई हेतु भेज दिया है।

उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने, जॉब सिक्योरिटी एक्ट, 2024 के तहत 58 वर्ष की उम्र तक नौकरी की सुरक्षा की गारंटी का पत्र जारी करने, पुलिस विभाग की तर्ज पर जोखिम भत्ता एवं वर्दी भत्ता देने, पे-रोल पर कार्यरत फायर ऑपरेटर्स को सृजित पदों पर सामायोजित करने तथा कई अन्य महत्वपूर्ण मांग-पत्र के उठाए गए बिन्दुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। समीक्षा के दौरान इनमें से जो भी मांगे उचित पाई जाएंगी उन पर आगे कार्रवाई होगी।


प्रमुख खरीफ और रबी फसलों के लिए मूल्य नीति की समीक्षा और खेती की लागत की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की

  • हरियाणा सरकार कृषि को लाभप्रद बनाने के लिए प्रयासरत

चंडीगढ़ ,31 मार्च।

हरियाणा सरकार ने आगामी सीज़न और वर्षों के लिए वर्तमान मूल्य नीति की समीक्षा के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है। इस समिति का प्राथमिक उद्देश्य राज्य में प्रमुख खरीफ और रबी फसलों की खेती की लागत की जांच करना है, जो राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था में योगदान करती हैं।
हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण के प्रवक्ता ने इस बारे में जानकरी देते हुए बताया कि राज्य सरकार किसानों के हित को देखते हुए यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आने वाले वर्षों में राज्य का कृषि क्षेत्र मजबूत, प्रतिस्पर्धी और टिकाऊ बना रहे। इस समिति के माध्यम से सरकार का लक्ष्य ऐसी नीतियां तैयार करना है, जो किसानों, उपभोक्ताओं और राज्य की आर्थिक प्राथमिकताओं के हितों को संतुलित करें।
उन्होंने बताया कि इस समिति की वर्ष में दो बार बैठक होगी। इस समिति को मौजूदा मूल्य नीति, खेती की लागत का

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • चंडीगढ़-हरियाणा के 5 जिलों की 17 मंडियों में सूरजमुखी की खरीद आरम्भ:खाद्य,नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर
  • नूंह-आमजन को एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर में जाने से मिली निजात-आईपीएस राजेश कुमार
  • भगवद् चिंतन-सुधार करें,साबित नहीं:गौभक्त संजीव कृष्ण ठाकुर जी
  • कोल्हापुर-नैशनल पावरलिफटिगं चैम्पियनशिप शिवाजी युनिवर्सिटी महाराष्ट्र में समपन्न:नीलम पहलवान
  • फरीदाबाद-महापौर प्रवीण जोशी ने की स्वच्छता पखवाडा की शुरुआत के साथ शपथ दिलाई

Recent Comments

No comments to show.

Archives

  • June 2025
  • May 2025
  • April 2025
  • March 2025
  • February 2025
  • January 2025
  • December 2024
  • November 2024
  • October 2024
  • September 2024
  • August 2024
  • July 2024
  • June 2024
  • May 2024
  • April 2024
  • March 2024
  • February 2024
  • January 2024
  • December 2023
  • November 2023
  • October 2023
  • September 2023
  • August 2023
  • July 2023
  • June 2023
  • May 2023
  • April 2023
  • March 2023
  • February 2023
  • January 2023

Categories

  • Delhi NCR
  • faridabad
  • Uncategorized
  • कुरुक्षेत्र
  • क्राइम न्यूज़
  • देश-दुनिया
  • नूँह/तावड़ू
  • फरीदाबाद
  • विचार
  • हेल्थ न्यूज़
©2025 Haryana Uday News | Design: Newspaperly WordPress Theme