Skip to content

Haryana Uday News

Menu
  • Latest
  • हेल्थ न्यूज़
  • फरीदाबाद
  • क्राइम न्यूज़
  • देश-दुनिया
  • Uncategorized
Menu

चंडीगढ़-5 जून तक सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य किया जाये पूरा-मुख्यमंत्री

Posted on April 1, 2025

सड़कों की मरम्मत के सम्बन्ध में कोई कोताही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी

तय समयसीमा में सभी सड़कों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य किया जाये

सभी मंडियों के अंदर की सड़कों के रखरखाव का कार्य भी सुनिश्चित किया जाये

चंडीगढ़ 1 अप्रैल।
सुनील कुमार जांगड़ा.

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की सभी सड़कों की मरम्मत का काम 15 जून तक पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी एक विशेष अभियान चलाकर इस सम्बन्ध में टेंडर आदि की सभी प्रक्रियाएं 15 दिनों के अंदर पूरी करना सुनिश्चित करें ताकि आगामी मानसून से पहले सभी सड़कों की मरम्मत का कार्य अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा सके।

मुख्यमंत्री आज यहाँ हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद थे।
क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि खराब सड़कों को चिह्नित कर 15 दिन के भीतर मरम्मत कार्य शुरू करवाना सुनिश्चित किया जाये ताकि आमजन को राहत प्रदान की जा सके। इसके अतिरिक्त, पांच ज़िलों में जिला परिषद् को स्थानांतरित की गई सभी सड़कों की रिपेयर और मरम्मत भी तय समय सीमा में पूरी करवाई जाये। साथ ही, मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों की मरम्मत के सम्बन्ध में कोई कोताही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विधान सभा बजट सत्र के दौरान घोषणा करते हुए कहा था कि आगामी 6 महीने में हरियाणा प्रदेश की सभी सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश में एक भी सड़क टूटी हुई नहीं मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य में सड़कों के चौड़ीकरण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा मेन्टेन की जा रही सड़कों को 12 फुट से 18 फुट करने की दिशा में भी कार्य किया जाना चाहिए। सड़कों पर बढ़ते हुए यातायात को देखते हुए यह अत्यंत जरूरी है। साथ ही, प्रदेश की सभी मंडियों के अंदर की सड़कों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों को कोई दिक्कत न हो।

बैठक में बताया गया है हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा मेन्टेन की जा रही 4313 सड़कों में से 465 सड़कें 18 फुट की हैं। 34 अन्य सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसके अतिरिक्त, 118 किलोमीटर की 35 सड़कें के चौड़ीकरण के लिए टेंडर प्रक्रियाधीन है।
मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करे कि सभी घोषणाएं तय समय सीमा में पूरी हो। इसके लिए सभी सम्बंधित विभाग बेहतर तालमेल कर कार्य करें जिससे विकास कार्यों को सुचारू रूप से सम्पन्न कराया जा सके।

मुख्यमंत्री ने बजट में की गई घोषणाओं के सम्बन्ध में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सम्बंधित विभाग योजना बनाकर तय समय सीमा में तेज गति से कार्य करते हुए शत प्रतिशत योजनाओं को धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें ताकि जनता को अधिकतम लाभ मिल सके।

उन्होंने पिंजौर में स्थापित सेब मंडी, गुरुग्राम में स्थापित की जाने वाली फूल मंडी, गन्नौर में स्थापित की जा रही इंडिया इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर मार्किट, अटल किसान मज़दूर कैंटीन सहित अन्य परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजा शेखर वुंडरू, विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित कुमार अग्रवाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ साकेत कुमार, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक श्री मुकेश कुमार आहूजा, कृषि निदेशक श्री राज नारायण कौशिक, खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक श्री राजेश जगपाल हैफेड के प्रबंध निदेशक श्री मुकुल कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

………

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने चण्डी माता मंदिर में पूजा अर्चना कर लिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने चण्डी माता से हरियाणावासियों के स्वस्थ व उज्जवल भविष्य की प्रार्थना की

चंडीगढ़,1 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज चण्डी माता के दर्शन कर प्रदेशवासियों के स्वस्थ व उज्जवल भविष्य की कामना की है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी नवरात्रों के मौके पर पंचकूला स्थित चण्डी माता मंदिर में पूजा अर्चना के लिए पहुंचे थे, इस दौरान उन्होंने माता का आशीर्वाद लेते हुए हरियाणावासियों को नवरात्र की बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि माता रानी की कृपा से प्रदेश विकास की गति पर तेजी से अग्रसर रहे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यज्ञशाला पहुंचकर हवन यज्ञ में शिरकत करते हुए आहुति भी डाली। इस अवसर पर पंचकूला के कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा,महापौर कुलभूषण गोयल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

………

गेहूं खरीद को लेकर सरकार ने किए पुख्ता इंतजाम : मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़,1 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गेहूं की खरीद को लेकर सरकार ने पुख्ता इंतजाम किए है। इसके लिए मंडियों में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों को किसी प्रकार की कोई भी कठिनाई नहीं आने दी जाएगी। आज मुख्यमंत्री पंचकूला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

एक प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गेहूं की खरीद के लिए सभी जिला अधिकारियों को पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दे दिए गए है। किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश सरकार के लिए किसान हित सर्वोपरी है, उन्होंने कहा कि मंडियों में बारदाने की उचित व्यवस्था के साथ साथ साफ सफाई व पेयजल की व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए गए है। किसानों को उनकी फसल का एमएसपी पर खरीद के बाद समय पर भुगतान हो, इसके लिए भी दिशा निर्देश दें दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि खरीदी गई फसल का भुगतान किसानों को 48 से 72 घंटे में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष केंद्र सरकार ने गेहूं का भाव 2425 प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

….

मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री के हरियाणा दौरे को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की

चडीगढ़, 1 अप्रैल-देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आगामी 14 अप्रैल को भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की जयंती के मौके पर हिसार में महाराजा अग्रसेन हिसार हवाई अड्डे से हवाई सेवाओं की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री उसी दिन यमुनानगर में दीनबंधु चौधरी छोटूराम थर्मल पावर प्लांट में 800 मेगावाट की नई इकाई का शिलान्यास भी करेंगे।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आज यहां प्रधानमंत्री के हरियाणा दौरे को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा और सफाई के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। साथ ही, निर्वाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएं। दोनों स्थानों पर बडी संख्या में लोगों के आने की सम्भावना है। इसलिए लोगों को आने-जाने में किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, लोगों के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाए।

……..

लिंगानुपात में हो रहा है सुधार : कुमारी आरती सिंह राव

  • स्वास्थ्य मंत्री ने गांव रामपुरा की मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित

चंडीगढ़ , 1 अप्रैल।

हरियाणाकी स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान ने इस वर्ष सफलतम 10 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि बीते एक दशक में इस अभियान ने भारत में लैंगिक समानता और बच्चियों की जन्म दर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल के लिंगानुपात के डाटा आधार पर उनका स्वयं का गांव रामपुरा 5 हजार से ज्यादा आबादी वाले गांवों में रेवाड़ी जिला में पहले पायदान पर रहा है। गांव की इस उपलब्धि पर तथा आज गांव की मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है।

स्वास्थ्य मंत्री आज रेवाड़ी जिला के गांव रामपुरा में आयोजित लिंगानुपात पर आधारित मेधावी सम्मान समारोह में छात्राओं को सम्मानित करने उपरांत समारोह को संबोधित कर रही थी।

कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के जनवरी 2024 से लेकर दिसंबर 2024 तक के लिंगानुपात के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो गांव रामपुरा की कुल जनसंख्या 5201 है, इसमें एक साल के दौरान कुल 56 नवजात शिशुओं ने जन्म लिया , इनमें 32 बेटियां तथा 24 बेटे शामिल हैं। ऐसे में लिंगानुपात का प्रतिशत 1333.333 बनता है। उन्होंने ग्रामवासियों का आह्वान किया कि वे बेटियों को जन्म लेने दें और उन्हें खूब पढ़ाएं-लिखाएं। उन्होंने कहा कि वे भी इस गांव की बेटी हैं और उन्हें इस बात पर गर्व है। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में देश-प्रदेश का मान बढ़ा रही है।

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बदली लोगों की धारणा : स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान लैंगिक असंतुलन को दूर कर बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार की ओर से शुरू की गई एक प्रमुख पहल है, जो बालिकाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भारत सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बालिकाओं के जीवन को नई दिशा देकर बेहतर बनाया है। पिछले 10 वर्षों में महिला शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर में सुधार से बड़ा बदलाव आया है। सशक्त महिलाएं विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।

…….

यमुनानगर मे 800 मेगावाट का नया थर्मल पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा : अनिल विज

  • अवैध वाहनों पर होगी सख्ती

चंडीगढ़, 1 अप्रैल – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने बताया कि यमुनानगर में 800 मेगावाट क्षमता का एक नया थर्मल पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही हिसार और पानीपत में भी थर्मल पावर प्लांट लगाए जाएंगे।

वे आज यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बिजली की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। ट्रांसफार्मरों को अपग्रेड कर दिया गया है, और फिर भी यदि कोई ट्रांसफार्मर खराब होता है तो उसे तुरंत बदलने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता की जानकारी ऑनलाइन अपडेट की जाए।
बिजली दरों के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले आठ वर्षों से बिजली की दरों में कोई वृद्धि नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली दरें हरियाणा इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन द्वारा तय की जाती हैं, और फिलहाल उनके पास दरें बढ़ाने का कोई प्रस्ताव लंबित नहीं है।

अवैध वाहनों की समस्या के प्रश्न पर परिवहन मंत्री ने कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है, जिसे रोकने के लिए वह स्वयं कई बार सड़कों पर निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध वाहनों के संचालन पर सख्ती से रोक लगाई जाए और कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाए।

नशे को एक सामाजिक बीमारी करार देते हुए उन्होंने कहा कि इसे पूरी तरह समाप्त करने के लिए समाज के लोगों को भी आगे आना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि नशे से ग्रस्त लोगों का मानसिक परिवर्तन ही इसका स्थायी समाधान हो सकता है।
टोल टैक्स की दरों में बढ़ोतरी के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार टोल प्लाजा प्रणाली को अधिक सरल और प्रभावी बनाने पर विचार कर रही है। इसके तहत ऑटोमेटिक चिप लगाने की योजना है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और टोल भुगतान की प्रक्रिया सुगम होगी।

………

पात्र लोग उठायें सरकारी योजनाओं का लाभ – हरविन्द्र कल्याण

चण्डीगढ़, 1 अप्रैल – हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिये। शिक्षित लोगों को अनपढ़ व गरीबों की फार्म भरने इत्यादि में मदद करनी चाहिये। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए वचनबद्ध है।

श्री हरविन्द्र कल्याण आज जिला करनाल के घरौंडा हलका के सोहाना, शेखपुरा जागीर, नगला फार्म और नगला मेघा गांवों आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।

श्री कल्याण ने गांवों में लोगों की समस्यायें सुनी और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटान के निर्देश दिये। उन्होंने सुहाना से नदी पुल तक बनने वाली करीब 700 मीटर लंबी सडक़ के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कुटैल में दीन दयाल उपाध्याय मेडिकल यूनिवर्सिटी इसी साल शुरू हो जायेगी। भविष्य में इसका चरणबद्ध तरीके से विकास किया जाएगा इस यूनिवर्सिटी से उत्तरी भारत के साथ -साथ पश्चिमी यूपी के लोगों को भी लाभ मिलेेगा। यहां बड़े अस्पताल खुलने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध हो सकेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का नारा है-सबका साथ, सबका विकास। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सामूहिक विकास की सोच को आगे बढ़ा रहे हैं जो भी मांग उनके सामने रखी जाती है उसे वे गंभीरता से लेते हैं।

श्री कल्याण ने कहा कि महिलाओं की आय बढ़ाने के लिये सरकार स्वयं सहायता समूहों को मजबूत कर रही है। ऐसे कदमों से समाज को भी मजबूती मिलती है। सुधार के नतीजे कुछ समय बाद देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि आज नौकरियां मेरिट पर दी जा रही हैं। इससे युवाओं का रूझान पढ़ाई की तरफ बढ़ा है। बुढ़ापा पेंशन सीधे बुजुर्गों के खाते में जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने इस हल्के में न केवल लड़कियों को कालेज, नई आईटीआई खोली गई बल्कि कई स्कूलों का दर्जा बढ़ाया गया।

………

जिला यमुनानगर में 1692 वाहनों की चैकिंग के दौरान 1 वाहन सीज तथा 7 वाहनों के चालान कर 4 लाख 32 हजार रुपये का लगाया गया जुर्माना

चंडीगढ़, 1 अप्रैल- हरियाणा के खनन एवं भू-विज्ञान विभाग के महानिदेशक श्री के.एम. पांडुरंग के निर्देशानुसार खनन विभाग द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन पर निरंतर कार्रवाई जारी है। जिला यमुनानगर में जिला प्रशासन व खनन विभाग द्वारा 1692 वाहनों की चैकिंग के दौरान 1 वाहन सीज कर तथा 7 वाहनों के चालान कर 4 लाख 32 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

खनन विभाग के प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध खनन करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए अलग-अलग स्तर पर टीमों का गठन करते हुए मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन को रोकने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है और समुचित प्रयास निरंतर जारी हैं।
उन्होंने बताया कि एसडीएम छछरौली की टीमों द्वारा 946 वाहनों की चैकिंग की गई। इसी प्रकार एसडीएम जगाधरी की टीमों द्वारा 169 वाहनों की चैकिंग के दौरान 1 वाहन सीज कर 4 लाख 26 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने बताया कि एसडीएम रादौर की टीमों द्वारा 466 वाहनों की चैकिंग के दौरान 7 वाहनों का चालान कर 6 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार एसडीएम व्यासपुर की टीम द्वारा 111 वाहनों की चैकिंग की गई। उन्होंने बताया कि जिला के सभी एसडीएम, पुलिस विभाग व खनन विभाग के अधिकारियों द्वारा दिन-रात चैकिंग की जा रही है।

उन्होंने बताया कि यमुनानगर जिला से निकल रही यमुना नदी सहित अन्य स्थानों पर अवैध खनन रोकने व बिना ई-रवाना बिल के निकलने वाले खनिज वाहनों पर पूरी संजीदगी के साथ मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला में दिन-रात जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त टीमें जहां सडक़ों पर बिना ई-रवाना बिल के खनिज वाहनों की जांच कर रही है वहीं नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना
  • समाधान शिविरों से मिल रही सीधी राहत : डीसी विक्रम सिंह- लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में डीसी विक्रम सिंह ने सुनी नागरिकों की समस्याएं- नागरिकों द्वारा मुख्य रूप से पीपीपी आईडी में इनकम में त्रुटि तथा मेंबर जोड़ने से सम्बंधित, राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस विभाग, बिजली विभाग से सम्बंधित समस्याएं मिली
  • आईटीआई प्रिंसिपल भगत सिंह व इंचार्ज प्रेम चंद को हरियाणा गौरव सम्मान से नवाजा
  • विवाहिता की तेजधार हथियार से हत्या मामले में हसनपुर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी दबोचा:पुलिस प्रवक्ता
  • साइबर फ्रॉड की तत्काल सूचना देने के लिए डायल करें 1930 : डीसी

Recent Comments

No comments to show.

Archives

  • October 2025
  • September 2025
  • August 2025
  • July 2025
  • June 2025
  • May 2025
  • April 2025
  • March 2025
  • February 2025
  • January 2025
  • December 2024
  • November 2024
  • October 2024
  • September 2024
  • August 2024
  • July 2024
  • June 2024
  • May 2024
  • April 2024
  • March 2024
  • February 2024
  • January 2024
  • December 2023
  • November 2023
  • October 2023
  • September 2023
  • August 2023
  • July 2023
  • June 2023
  • May 2023
  • April 2023
  • March 2023
  • February 2023
  • January 2023

Categories

  • Delhi NCR
  • faridabad
  • Uncategorized
  • कुरुक्षेत्र
  • क्राइम न्यूज़
  • देश-दुनिया
  • नूँह/तावड़ू
  • फरीदाबाद
  • विचार
  • हेल्थ न्यूज़
©2025 Haryana Uday News | Design: Newspaperly WordPress Theme