चंडीगढ़, 30 मार्च।
बिजेंद्र फौजदार.
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाडवा हल्का में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की 2 बड़ी परियोजनाओं पर प्रदेश सरकार की तरफ से 4 करोड़ 48 लाख रुपए की राशि का बजट खर्च किया जाएगा। इन परियोजनाओं से लाडवा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के हजारों लोगों को फायदा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने लाडवा आईजीएन कॉलेज में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की 4 करोड़ 48 लाख रुपए के बजट की दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें राक्षी नदी पर तीन पुलियों की जगह पक्के पुलों का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर एक करोड़ 35 लाख 72 हजार रुपए का बजट खर्च किया जाएगा। दूसरी परियोजना के तहत राक्षी नदी के 2 हजार 200 फीट लंबाई क्षेत्र का आरसीसी ट्रफ से निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया । इस परियोजना पर 3 करोड़ 12 लाख 25 हजार रुपए का बजट खर्च किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद लाडवा शहर की आबादी क्षेत्र व फसलों को नुकसान नहीं होगा। इसलिए लाडवा शहर और इसके आस-पास के डेरों व कालोनियों के हजारों नागरिकों की सुरक्षा, सम्पत्ति व फसलों को बचाने के लिए इन योजनाओं को तैयार किया गया है। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच आदि उपस्थित थे।
……..
गांव टाटका में एक करोड़ 52 लाख रुपए के हुए विकास कार्य : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
-पंचायत की सभी मांगों को किया स्वीकार, विकास कार्यों के लिए अलग से 21 लाख रुपए मौके पर खाते में भेजें
- मुख्यमंत्री ने टाटका गांव में धन्यवाद दौरे पर ग्रामीणों को किया संबोधित
चंडीगढ़, 30 मार्च।
बिजेंद्र फौजदार.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गांव टाटका में अब तक विकास कार्यों के लिए एक करोड़ 52 लाख रुपया भेजा गया है। इस राशि से गांव का कायाकल्प किया जा रहा है और आगे भी विकास कार्यों को करवाने में पैसे की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही पंचायत के खाते में 21 लाख रुपए विकास कार्यों को करवाने के लिए भेजें। साथ ही कार्यक्रम में सरपंच द्वारा रखी गई सभी मांगों को भी पूरा करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज रविवार को गांव टाटका में आयोजित धन्यवादी दौरे के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। गांव के सरपंच धोनी चंदन ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ और समृद्धि चिन्ह देकर सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं, जो हिसार में बने प्रदेश के पहले महाराजा अग्रसेन के नाम पर बने एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। साथ ही यमुनानगर में 800 मेगावाट के सुपर थर्मल यूनिट परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना पर 7,272 करोड रुपए का बजट खर्च किया जाएगा। प्रदेश में आए दिन बिजली की खपत बढ़ रही है और सरकार ग्रामीणों व शहर में 24 घंटे बिजली सप्लाई मुहैया करवा रही है। उन्होंने टाटका गांव के लोगों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव टाटका के लोगों ने चुनाव के समय अपने कार्य को जिस जिम्मेदारी से निभाया था, अब गांव के विकास को भी उसी जिम्मेदारी के साथ करवाया जा रहा है। आज के इस कार्यक्रम में गांव के सरपंच द्वारा जो मांगे रखी गई है उन सभी को संबंधित विभागों के पास भेजकर पूरा करवाया जाएगा। साथ ही सरपंच को कहा कि गांव में बनाए जाने वाले कम्युनिटी सेंटर के निर्माण कार्य को जब चाहे शुरू करवा लें।
टाटका के सरपंच ने ग्रामीणों की तरफ से मुख्यमंत्री के सामने मांग रखते हुए कहा कि गांव बरगट से टाटका को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण करवाया जाए। गांव में महाराजा सूरसैनी के नाम से कम्युनिटी सेंटर का निर्माण करवाया जाए। गांव में सैनी धर्मशाला बनवाई जाए। गांव के वृद्ध आश्रम में रसोई व सोलर सिस्टम स्थापित करवाया जाए। गांव के लोगों को शहर में आने-जाने की उचित सुविधा हो, इसके लिए रोडवेज बस चलवाई जाए। गांव में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की नियुक्ति की जाए।
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
…….
लाडवा में बनेगा आधुनिक खेल स्टेडियम : मुख्यमंत्री
ग्रामीण क्षेत्र में 414 विकास कार्यो पर खर्च हुआ 16.96 करोड़ का बजट
चंडीगढ़, 30 मार्च।
बिजेंद्र फौजदार.
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिला का विधानसभा क्षेत्र लाडवा के गांव धनौैरा जाट्टान में राष्ट्रीय और अंर्तराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने के लिए आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। गांव धनौरा जाट्टान के साथ-साथ खैरा और बीड़ कालवा के खेल प्रांगणों पर भी सी.एस.आर. के तहत करीब 20 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।
मुख्यमंत्री रविवार को लाडवा में विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यो की समीक्षा को लेकर अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लाडवा के गांव धनौरा जाट्टान में खेल स्टेडियम को आधुनिक खेल स्टेडियम बनाने के आदेश देते हुए कहा कि इस परियोजना जल्द-जल्द अमलीजामा पहनाया जाए और तमाम औपचारिकताओं को जल्द पूरा किया जाए। गांव रामशरण माजरा , गांव बीड़ मथाना में भी सामुदायिक केन्द्र का निर्माण कार्य किया जाएगा। गांव बीड़ मथाना,बीड़ बड़तौली,जोगीमाजरा व मेहरा में पार्क कम व्यायामशाला का निर्माण कार्य जून 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में गलियों,चारदीवारी,चौपाल की मुरम्मत, पानी निकासी,सामुदायिक केन्द्र, शौचालय, अबेंडकर भवन सहित 15 लंबित विकास कार्यो को जल्द से जल्द शुरु करने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने आदेश दिए कि तहसीलों में लंबित पड़े जमाबंदी,तकसीम के केसों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए,अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में बैठकर नागरिकों की समस्याओं को सुने और उनका समाधान भी करें। इस हलका लाडवा के साथ-साथ कुरुक्षेत्र जिले में तहसीलों के साथ-साथ अन्य कार्यालयों में नागरिकों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। अगर कही से भी शिकायत मिली तो उसी अधिकारी को किसी भी सुरत पर बख्शा नही जाएगा। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त को गेंहू खरीद बारे तमाम प्रबंधं करने के आदेश देते हुए कहा कि मंडियों में गेंहू के सीजन के दौरान मजदूर,किसानों और व्यापारियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने मार्केटिंग बोर्ड के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए कि बरसातों के समय से पहले सडक़ों की मुरम्मत व निर्माण कार्यो को पूरा किया जाए।
कुरुक्षेत्र में बी.डी.पी.ओ. चिकित्सकों,कार्यकारी अभियंता जैसे खाली पदों को जल्द भरने के दिए आदेश
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिपली,पिहोवा,शाहबाद ब्लॉक में बी.डी.पी.ओ.,लाडवा में बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता व अस्पतालों में रिक्त पड़े पदों को जल्द भरने के आदेश दिए है।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि लाडवा में किडनी के मरीजों की सुविधा के लिए डायलसिस की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। इसके आलावा लाडवा अस्पताल में जल्द ही एफ.आर.यू. (फस्र्ट रैफरल यूनिट) की सुविधा उपलब्ध होगी। इस यूनिट में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए लाडवा में महिलाओं के रोगों की जांच लिए चिकित्सक भी नियुक्त करने के आदेश दिए है। इस हलका में जो चिकित्सक लम्बी छूटी या डैपयूटेशन पर गए है,उनके पदों को रिक्त दिखाकर दूसरे डाक्टरों की नियुक्ति की जाए। जिले में चिकित्सकों की कमी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा में 100 बिस्तरों का अस्पताल भी बनाया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव बन में 20 से अधिक कैंसर के मरीज सामने आ चुके है, इस गांव में पीने के पानी की जांच भी की जाएगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच करने के लिए विशेष शिविर भी लगाएं।
………
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने दी 3 करोड़ 14 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात
बसताड़ा गांव में आयोजित किया गया अभिनंदन एवं जन समस्या सुनवाई कार्यक्रम
चंडीगढ़, 30 मार्च।
बिजेंद्र फौजदार.
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने आज अभिनंदन एवं जन समस्या सुनवाई कार्यक्रम के तहत घरौंडा हलके के बसताड़ा गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को उनके निवारण के निर्देश दिए। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों को 3 करोड़ 14 लाख रुपये की दो विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने जीटी रोड़ से गांव मुबारकाबाद तक 1 करोड़ 75 लाख की लागत से बनने वाली नई सडक़ का शिलान्यास व गांव बसताड़ा में 1 करोड़ 39 लाख की लागत से तालाब के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष का पगड़ी पहनाकर व पुष्प गुच्छ देकर मौजिज लोगों द्वारा स्वागत किया गया।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि आप सबके आर्शीवाद से ही तीसरी बार हलके की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। आने वाले समय में सबको साथ मिलकर हल्के को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यकाल में हलके से जुड़े सभी कार्य पूरे किए जाएगें। पिछले वर्षों में हल्के में मेडिकल यूनिवर्सिटी, आईटीआई, घरौंडा में बस अड्डे का निर्माण, सडक़, पुल, एनसीसी अकादमी की स्थापना, एसडीएम कार्यालय सहित विकास के अनेक कार्य पूरे हुए हैं। बचे हुए कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जायेगा। आगामी 5 सालों में हलके को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
हरविंद्र कल्याण ने कहा पिछले 10 वर्षों में हलके के सभी गांवों में विकास कार्य हुए हैं। धन्यवादी दौरे के दौरान वे हर गांव से भविष्य में कराए जाने वाले कार्यों की सूची प्राप्त कर रहे हैं। इन सभी जरूरी कामों को प्राथमिकता से पूरा कराया जायेगा। पिछली बार कोरोना के कारण विकास कार्य प्रभावित हुए थे। इस बार न केवल पिछली कमी को पूरा किया जायेगा बल्कि नए कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व में जो मुझे जिम्मेदारी दी है, उस जिम्मेदारी को बखूबी निभाऊंगा और साथ-साथ हलके के लिए भी कार्य करूंगा। हम सब ने मिलकर आगे बढ़ना है, हलके में सुख-शांति रहें यह हम सबकी जिम्मेदारी है।
……..
हरियाणा में 31 मार्च को रहेगा प्रतिबंधित अवकाश
चंडीगढ़, 30 मार्च।
हरियाणा सरकार ने 31 मार्च को ईद-उल-फितर के अवसर पर राजपत्रित अवकाश के स्थान पर अनुसूची-II के तहत प्रतिबंधित अवकाश घोषित किया है, क्योंकि यह वित्तीय वर्ष 2024-2025 का अंतिम दिन है।
इस संबंध में हरियाणा सरकार द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना में आगे कहा गया है कि यदि किसी कर्मचारी ने अपनी प्रतिबंधित छुट्टियां पहले ही समाप्त कर ली हैं, तो उसे अतिरिक्त प्रतिबंधित अवकाश की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा, यदि कुछ निजी कार्यालय/संस्थान सार्वजनिक कार्यालयों के लिए निर्धारित राजपत्रित अवकाशों की सूची का पालन करते हैं, तो ऐसे सभी कार्यालय/संस्थान 31 मार्च, 2025 को अवकाश के रूप में मनाएंगे।
……..
मुख्यमंत्री ने श्री शिव महापुराण कथा में शिरकत कर लिया आशीर्वाद
चंडीगढ़ , 30 मार्च।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र जिला के लाडवा क़स्बा में बाबा बांसी वाला वृद्धाश्रम द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में शिरकत कर आशीर्वाद लिया.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि शिव महापुराण कथा जैसे आयोजन समाज को एक नई दिशा व ऊर्जा प्रदान करते हैं और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं। कावड़ सेवा दल व मुख्य यजमान विजेंद्र गोयल ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया।
……..
हरियाणा में सूरजमुखी और सरसों की फसल उगाने वाले किसानों को कुरुक्षेत्र और रेवाड़ी में बड़ी ऑयल मिल प्रोजैक्ट की मिलेगी सौगात: नायब सिंह सैनी
प्रदेश में जल संरक्षण के लिए बनाएं जाएंगे 2200 नए तालाब, 2 हजार तालाब बनाने का कार्य हुआ पूरा
गांव समानी में विकास कार्यों के लिए दी 21 लाख रुपए की अनुदान राशि
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव समानी में मन की बात कार्यक्रम में की शिरकत
चंडीगढ़, 30 मार्च।
विजेंद्र फौजदार.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में सरसों का उत्पादन करने वाले लाखों किसानों को प्रदेश सरकार ने कुरुक्षेत्र में सूरजमुखी की बड़ी ऑयल मिल तथा रेवाड़ी और नारनौल में ऐशिया की सबसे बड़ी सरसों ऑयल मिल लगाने की परियोजना तैयार की है। इस परियोजना को जल्द ही अमलीजामा पहना दिया जाएगा। इस परियोजना से लाखों किसानों को फायदा होगा। इन सभी किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदना सुनिश्चित किया जाएगा। अहम पहलु यह है कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार गांव समानी में ग्राम पंचायत की तरफ से मन की बात कार्यक्रम को लेकर आयोजित भव्य समारोह में बोल रहे थे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम की 120वीं कड़ी में देश के नागरिकों को सम्बोधित किया और खेलो इंडिया पैरा गेम के खिलाडिय़ों को बधाई दी। इन खेलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने 34 स्वर्ण पदक, 39 रजत पदक और 31 कांस्य पदक जीतकर सहित हरियाणा ने कुल 104 पदक हासिल किए है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने इंटरनेशनल योगा 2025 को योगा फॉर वन अर्थ,वन हेल्थ के रूप में मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण के लिए सभी प्रदेशों को कार्य करने के लिए कहा है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को नव वर्ष नव सम्वत की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए गांव समानी के विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपए की अनुदान राशि देने के साथ-साथ सभी मांगों को पूरा करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि चुनावों के बाद अब प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मूल मंत्र सबका साथ सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास पर चलते हुए प्रदेश में तीन गुणा तेज गति से विकास कार्य करवाएं जाएंगे। अभी हाल में विधानसभा सदन में प्रदेश का बजट पारित किया गया है और हर मद में समान रूप से बजट का बंटवारा किया गया है और प्रदेश का चंहुमुखी विकास करने के लिए पूरी संरचना और योजना तैयार कर ली गई है। सरकार ने जिन लोगों का पंचायती भूमि पर 20 साल से पुराना मकान है उनको 2004 के कलैक्टर रेट पर देने का निर्णय लिया है, इसी तरह हजारों पटटीदार किसानों को भी 2004 कलैक्टर रेट पर कासत वाली जमीन पर मालिकाना हक देने का काम किया है। सरकार ने महिलाओं को 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का काम किया है। इस योजना का 17 लाख लाभार्थियों को फायदा मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैच दॉ रेन योजना के तहत तालाब बनाए जा रहे है। प्रदेश में 2 हजार तालाब बनाने का काम पूरा कर लिया है और आने वाले समय में प्रदेश में 2200 नए तालाब बनाएं जाएंगे। इसके अलावा किसानों से अपील की जा रही है कि किसान खेतों में और ग्राम पंचायत पंचायती भूमि में बरसात का पानी एकत्रित करे ताकि पानी का संरक्षण किया जा सके और प्रदेश डार्क जोन की स्थिति से बाहर आ सके। उन्होंने कहा कि दक्षिण हरियाणा के लोग ज्यादा फसल की पैदावार ले रहे है। इसी तर्ज पर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी किसानों को टपका सिंचाई प्रणाली को अपनाना चाहिए और अटल भूजल योजना के तहत तालाब बनाकर पानी का संरक्षण करना चाहिए। प्रदेश सरकार ने केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री के समक्ष 86 जोन को डार्क जोन से बाहर निकालने के लिए अटल भूजल योजना के तहत तालाब बनाने का प्रस्ताव रखा है और केन्द्रीय जलमंत्री ने इस प्रस्ताव को अनुमति भी दे दी है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 77 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 36 हजार आवेदकों के खातों में 151 करोड़ रुपए की राशि जमा करवा दी गई है और शेष 41 हजार आवेदकों के खातों में जल्द योजना के तहत पैसा जमा करवा दिया जाएगा। इसके अलावा इस योजना के तहत आगे भी सर्वे का कार्य चल रहा है। गांव की सरपंच शिवानी व समाजसेवी पवन कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए गांव की मांगे रखी है। इस कार्यक्रम में सरपंच शिवानी ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।