Menu Sidebar Widget Area

This is an example widget to show how the Menu Sidebar Widget Area looks by default. You can add custom widgets from the widgets in the admin.

पलवल में बनेगा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का मॉर्डन स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स

सड़कों के नवीनीकरण के लिए 77 करोड़ 75 लाख रुपये की घोषणा

सेक्टर- 21 ट्रांसपोर्ट नगर में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये की घोषणा

5 गांवों में वीआर ब्रिज के लिए 13 करोड़ रुपये की घोषणा

पलवल शहर के बाहर बनेगी नई अनाज मंडी

पलवल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा

चंडीगढ़, 6 जून।
सुनील कुमार जांगड़ा.

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पलवलवासियों को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देते हुए विधानसभा क्षेत्र के लिए अनेक घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि पलवल में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का मॉर्डन स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाया जाएगा। साथ ही, 55 लाख रुपये की लागत से पलवल में इनडोर स्टेडियम को साउंडप्रूफ बनाया जाएगा। इसके अलावा, सेक्टर- 21 ट्रांसपोर्ट नगर में बुनियादी सुविधाओं जैसे पार्किंग, बरसाती पानी की निकासी, ड्रेनेज सिस्टम, जलापूर्ति इत्यादि के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने आज पलवल में आयोजित धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए उपरोक्त घोषणाएं की। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने 40 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत की 7 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 15 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत की 3 परियोजनाओं का उ‌द्घाटन तथा 24 करोड़ 71 लाख रुपये लागत की 4 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

श्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि पलवल विधानसभा क्षेत्र में 152 किलोमीटर की 75 सड़कें, जो अभी गारंटी पीरियड में हैं, संबंधित एजेंसियों के माध्यम से इन सड़कों की मरम्मत करवाई जाएगी। साथ ही, 37.5 किलोमीटर की 8 सड़कों की मरम्मत के लिए 37 करोड़ 57 लाख रुपये तथा 54.5 किलोमीटर लंबाई की 26 सड़कों के नवीनीकरण के लिए 40 करोड़ 18 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने जनौली डिस्ट्रीब्यूटरी की रिमॉडलिंग के लिए 50 लाख रुपये तथा 5 गांवों में वीआर ब्रिज के लिए 13 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। जमीन उपलब्‍ध होने पर मुस्तफाबाद में 66 केवी और पलवल में लाइन पार क्षेत्र में 220 केवी का सब स्टेशन बनाया जाएगा। पलवल शहर में भूमि उपलब्‍ध होने पर विभागीय मानदंडों के अनुरूप दो नए स्कूल खोलने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पलवल शहर से बाहर भूमि उपलब्‍ध होने पर नई अनाज मंडी का निर्माण किया जाएगा। वार्ड नंबर 1 से 10 में कॉलोनियों में कच्ची गलियों को पक्का किया जाएगा। उन्होंने पलवल विधानसभा क्षेत्र के गांवों में सामुदायिक केंद्रों के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि पलवल शहर में पानी की निकासी हेतु ड्रेनेज सिस्टम में सुधार किया जाएगा। बडौली को सब तहसील बनाने के लिए इस संबंध में गठित कमेटी को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके अलावा, अन्य मांगों की फिजिबिलिटी चैक करवाकर, उन्हें भी पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगरा नहर की पटरी पर सड़क के विस्तार के फिजिबिलिटी चेक करवाकर इसे बनाने का कार्य किया जाएगा। पलवल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों के लिए भी अलग से 5 करोड़ रुपये की घोषणा की।

विकसित भारत- विकसित हरियाणा को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कर रही काम

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-विकसित हरियाणा को आगे बढ़ाने के लिए हमारी सरकार केंद्र सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर गति से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 गौरवशाली वर्ष पूरे हो रहे हैं। इन 11 वर्षों में हर भारतवासी ने एक ऐसे भारत का उदय देखा है, जो अपनी प्राचीन विरासत पर गर्व करता है, वर्तमान की चुनौतियों का डटकर सामना करता है और भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी सपने संजोता है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, उनकी अदम्य इच्छाशक्ति और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र ने देश को एक नई दिशा और एक नई ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि जब वर्ष 2014 में श्री नरेन्द्र मोदी ने देश के प्रधान सेवक का पदभार संभाला, उस समय हमारी अर्थव्यवस्था पूरे संसार में 11वें स्थान पर थी, लेकिन आज भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 2014 से पहले प्रदेश में विकास की गति धीमी थी और आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होता था, न ही उनको योजनाओं का लाभ मिलता था। लेकिन 2014 के बाद हमारी सरकार ने हरियाणा में दोगुनी गति से विकास कार्य किए हैं। 10 सालों से अधिक समय के कार्यकाल में पलवल विधानसभा क्षेत्र में 1270 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए हैं।

राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को देश से मांगनी चाहिए माफी

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस सरकार और वर्तमान सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि 2014 से पहले हरियाणा के 17 लाख बुजुर्गों को पेंशन मिलती थी, जबकि आज वर्तमान सरकार द्वारा 36 लाख से अधिक बुजुर्गों को 3 हजार रुपये महीना सम्मान भत्ता दिया जा रहा है। कांग्रेस के 10 वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में फसल खराबे पर किसानों को केवल 1155 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया, जबकि हमारी सरकार ने 10 सालों में 15,145 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया। कांग्रेस के समय में गरीबों को बीमारियों के इलाज के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ता था, जबकि आज आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीबों का इलाज हो रहा है। इसके तहत अब तक 20 लाख से अधिक लोगों को 2 हजार 767 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज प्रदान किया गया है।

उन्होंने कहा कि 10 वर्षों में कांग्रेस ने छ: मेडिकल कॉलेज बनाए, जबकि वर्तमान सरकार ने 9 कॉलेज बनाने का काम किया और 9 अन्य कॉलेज निर्माणाधीन हैं। वहीं, कांग्रेस के समय में एमबीबीएस की मात्र 700 सीटें होती थी, जबकि आज 2185 सीटें हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले सालों में हरियाणा में एमबीबीएस की 3485 सीटें हो जाएंगी।

इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, राज्य मंत्री राजेश नागर और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

……

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को कुरुक्षेत्र का ब्रह्मसरोवर होगा योगमय

अब तक 70 हजार से अधिक लोगों ने कार्यक्रम में भाग लेने के लिए करवाया रजिस्ट्रेशन

चंडीगढ़, 6 जून-हरियाणा सरकार ने 21 जून 2025 को 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सुव्यस्थित व अनूठे ढंग से मनाने का निर्णय लिया है। धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। समारोह में योग गुरु बाबा रामदेव भी पधारेंगे।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर केवल योग प्रदर्शन ही नहीं होगा बल्कि लोगों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया जाएगा। यह सरकार के स्वस्थ, जागरूक और पर्यावरण के प्रति जागरूक दृष्टिकोण को दर्शाता है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि लोगों में अंतरराष्ट्रीय़ योग दिवस को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। अब तक 70 हजार से अधिक लोगों ने कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में गांवों में योग एवं व्यामशालाएं खोली हैं, जिनमें प्रतिदिन ग्रामीण योग करके स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में 250 इंडोर जिम खोले जाने की घोषणा की है। यह समारोह ‘योग युक्त, नशा मुक्त’ थीम पर केंद्रित है, जो समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और व्यसन मुक्त समाज बनाने के दोहरे उद्देश्यों को पुष्ट करता है। यह नारा सरकार के स्वस्थ, जागरूक और पर्यावरण के प्रति जागरूक जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के व्यापक दृष्टिकोण से भी मेल खाता है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष के कार्यक्रम में हरित योग वृक्षारोपण अभियान शामिल किया गया है, जो एक विशेष पहल है।इसके माध्यम से वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना और पर्यावरण को स्वच्छ करना ध्येय है। योग समारोह को एक जन आंदोलन बनाने के लिए नागरिकों को पंजीकरण की सुविधा प्रदान की गई है। कोई भी नागरिक अपना पंजीकरण आधिकारिक वेबसाइट www.internationalyogadayhry.in या +91-9501131800 पर मिस्ड कॉल देकर कर सकता है।

….

केंद्रीय राज्य मंत्री ने पलवल रैली को किया संबोधित, कहा- हरियाणा ने 11 वर्षों में किया ऐतिहासिक विकास

चंडीगढ़, 6 जून– केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि पिछले लगभग 11 वर्षों में हरियाणा ने अभूतपूर्व विकास की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं को लागू किया है, जिनसे आम जनता को सीधा लाभ हुआ है।

केंद्रीय राज्य मंत्री आज पलवल में आयोजित धन्यवाद रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल और वर्तमान सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि 2014 तक हरियाणा के 6700 गांवों में से सिर्फ 600 गांवों में 24 घंटे बिजली आती थी। जबकि हमारी सरकार ने 600 गांवों को बढ़ाकर 6 हजार किया है। कांग्रेस सरकार ने 10 सालों में 500 किलोमीटर हाईवे बनाए जबकि हमारी सरकार ने 10 सालों में 5000 किलोमीटर हाइवे बनाए। कांग्रेस सरकार में केवल 1000 रुपए पेंशन मिलती थी, जबकि आज राज्य सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन को 3000 रुपए तक बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने का निर्णय लिया है, जिससे किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया है। हरियाणा सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें महिला कॉलेजों की स्थापना, नर्सिंग कॉलेजों की स्थापना, और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की वेतन वृद्धि शामिल हैं।

श्री कृष्ण लाल गुर्जर ने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने किसानों के लिए फसल बीमा योजना, प्राकृतिक आपदाओं में सहायता और डीएपी की कीमतों में नियंत्रण जैसे कदमों से किसानों को सशक्त करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की फसलों के नुकसान की स्थिति में मुआवजा देने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया है।

चुनावों में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी नीतियों पर जताया विश्वास: विपुल गोयल

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। वे एक ऐसे जन नेता हैं जो 24 घंटे जनता की सेवा, समस्याओं के समाधान और प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से समर्पित हैं। उनके नेतृत्व में हरियाणा एक नए युग में प्रवेश कर चुका है, जहां पारदर्शिता, जनभागीदारी और विकास की स्पष्ट दिशा दिखाई देती है।

श्री गोयल ने विशेष रूप से पलवल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में, जब राजनीतिक हालात चुनौतीपूर्ण थे, तब भी इस क्षेत्र की जागरूक जनता ने एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव मात्र एक राजनीतिक विजय नहीं थी, बल्कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के अपार विश्वास और समर्थन की जीत थी।

उन्होंने कहा कि पलवल आज विकास की नई परिभाषा लिख रहा है। सड़कें, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और उद्योग, हर क्षेत्र में प्रगति हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि पलवल की जनता ने जिस भरोसे और उम्मीद के साथ समर्थन दिया है, उस पर खरा उतरने के लिए सभी घोषणाओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।

हमारी सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए पूरी तरह समर्पित: राजेश नागर

राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पलवल को 2014 से पहले पिछड़ा क्षेत्र माना जाता था, लेकिन जब से हमारी सरकार ने केंद्र और प्रदेश में सत्ता संभाली, तभी से इस क्षेत्र की तस्वीर बदलनी शुरू हुई है। आज पलवल तेज़ी से तरक्की कर रहा है। आज पलवल में नए-नए उद्योग लग रहे हैं। पलवल न केवल केएमपी एक्सप्रेसवे से जुड़ा है, बल्कि बॉम्बे-वडोदरा एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट के भी बहुत निकट है। आने वाले वर्षों में पलवल को इन सभी परियोजनाओं का सबसे अधिक लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान दिया है। चाहे उज्ज्वला योजना के माध्यम से 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना हो, 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन देना हो, हर गरीब के सिर पर छत सुनिश्चित करने की योजना हो, या फिर आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य सेवाओं और किसानों के लिए चलाई गई कल्याणकारी योजनाएं हों, इन सभी प्रयासों ने यह साबित कर दिया है कि हमारी सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए पूरी तरह समर्पित है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा तेज़ी से विकास के मार्ग पर अग्रसर: गौरव गौतम

खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर न केवल पलवल जिले के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह संपूर्ण हरियाणा के विकासशील भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत है। उन्होंने कहा कि पलवल की जनता ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अभूतपूर्व समर्थन दिया है। यहां की जनता ने बड़े-बड़े दावेदारों को चुनाव में हराकर नया इतिहास रच दिया है। पलवल में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज हुई है, जिससे कांग्रेस पार्टी अब तक उबर नहीं पाई है।

श्री गौतम ने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर प्रगति कर रहा है, वहीं हरियाणा भी मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में तेज़ी से विकास के मार्ग पर अग्रसर है। हरियाणा में अब विकास का पहिया नहीं रुकने वाला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 36 बिरादरियों के सच्चे प्रतिनिधि हैं, जिनके नेतृत्व में समाज के हर वर्ग का सशक्तिकरण और हर क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है। इस अवसर पर श्री गौरव गौतम ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर एक मांग पत्र भी प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर अनेक गण्मान्य अतिथि उपस्थित रहे।

By HUWeb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *