Skip to content

Haryana Uday News

Menu
  • Latest
  • हेल्थ न्यूज़
  • फरीदाबाद
  • क्राइम न्यूज़
  • देश-दुनिया
  • Uncategorized
Menu

कुरुक्षेत्र में 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण

Posted on August 15, 2024

10 वर्षों में हरियाणा सरकार ने प्रदेश की जनता को भेदभाव करने वाली व्यवस्था से दिलाई आजादी – नायब सिंह सैनी

अम्बाला छावनी में 538 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है स्वतंत्रता संग्राम स्मारक

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को अंग्रेजों के समय से चले आ रहे गुलामी के कानूनों से दिलवाई आजादी –मुख्यमंत्री

अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे आबियाने को खत्म करके किसानों को दी बड़ी राहत- नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 15 अगस्त।
सुनील कुमार जांगड़ा.

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों के दौरान हरियाणा सद्भाव, सौहार्द, समान विकास, समरसता, सहिष्णुता के साथ-साथ उन बदलावों का साक्षी रहा है, जिनसे हर आदमी का जीवन सरल, सुगम और सुरक्षित हुआ है। इन 10 वर्षों में वर्तमान राज्य सरकार ने प्रदेश की जनता को भेदभाव करने वाली व्यवस्था से आजादी दिलाई है। भय, भष्टाचार व भाई-भतीजावाद से, विकास में असमानता करने वाले क्षेत्रवाद से, युवाओं को सरकारी नौकरियां पाने में पर्ची खर्ची से हमने आजादी दिलवाई है। लोगों को सरकारी सेवाओं व योजनाओं का लाभ पाने के लिए दफ्तर, दरखास्त और दस्तावेज तथा उद्यमियों व कारोबारियों को लालफीताशाही से आजादी दिलाई है। गांवों को लाल डोरे के बंधन से मुक्त किया है और महिलाओं को रसोई के धुएं से आजादी दिलवाई है और आज हमारी माताएं-बहनें सुरक्षित महसूस करती हैं।
मुख्यमंत्री वीरवार को 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला कुरूक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रगान की धुन के साथ ध्वजारोहण किया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए अपना संदेश दिया और देश की आजादी में योगदान एवं बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को याद किया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शहीदी स्मारक पर वीर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने परेड की टुकडिय़ों का निरीक्षण किया। परेड की टुकडिय़ों ने शानदार मार्चपास्ट किया तथा राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए मंच के सामने से गुजरी।
उन्होंने कहा कि आजादी का यह पर्व जन-जन का पर्व है, हर मन का पर्व है, हर भारतवासी के लिए गर्व और गौरव का दिन है। आज हर साल की तरह हर घर तिरंगा अभियान से पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा है। उन्होंने आजादी के लिए मर मिटने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को सभी हरियाणावासियों की आर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि हम सबके लिए यह गर्व की बात है कि स्वतंत्रता आंदोलन में हरियाणावासियों ने अग्रणी भूमिका निभाई थी। सन् 1857 की क्रांति तो अम्बाला छावनी से शुरू हुई थी। नई पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए अम्बाला छावनी में 538 करोड़ रुपये की लागत से स्वतंत्रता संग्राम स्मारक का निर्माण अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी हरियाणा के वीरों ने देश की सीमाओं की सुरक्षा में भी अनेक बलिदान दिये हैं। हमारे सैनिकों ने 1962, 1965, 1971 के विदेशी आक्रमणों व ऑपरेशन कारगिल युद्ध के दौरान वीरता की अद्भुत मिसाल पेश की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने गत जुलाई माह से स्वतंत्रता सेनानियों व उनकी विधवाओं की पेंशन बढाकर 40 हजार रुपये मासिक की है। हमने युद्ध में शहीद सैनिक के परिवार के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाकर 50 लाख रुपये की है। वीरगति को प्राप्त होने वाले हरियाणा के शहीदों के 415 आश्रितों को सरकारी नौकरियां दी हैं। हमने अग्निवीरों को हरियाणा सरकार की सीधी भर्तियों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय भी लिया है।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को अंग्रेजों के समय से चले आ रहे गुलामी के कानूनों से दिलवाई आजादी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 1 जुलाई 2024 को ही देशवासियों को अंग्रेजों के समय से चले आ रहे गुलामी के प्रतीक 3 कानूनों से आजादी दिलवाई है। ये तीनों कानून अंग्रेजी शासन को मजबूत करने और उसकी रक्षा के लिए बनाये गये थे। इन नये कानूनों से लोगों को जल्द न्याय मिलने और कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटने से मुक्ति मिलनी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री ने देशहित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिये हैं। जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद 370 व धारा 35-ए को हटाकर उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत का राष्ट्रीय सपना साकार किया है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की स्थापना करवाकर करोड़ों देशवासियों की आस्था को मजबूती दी है। प्रधानमंत्री के इन साहसिक निर्णयों पर अपनी सहमति की मोहर लगाते हुए देशवासियों ने उन्हें तीसरी बार जनसेवा का दायित्व सौंपा है। ऐसा वर्ष 1962 के बाद पहली बार हुआ है।

देश की प्रगति में हरियाणावासियों का महत्वपूर्ण योगदान

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश की इस प्रगति में हरियाणावासियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हरियाणा को अवसरों, संभावनाओं, समृद्धि और नवाचारों की धरा के रूप में जाना जाता है। केन्द्रीय खाद्यान्न भंडार में योगदान देने में हरियाणा का दूसरा स्थान है। देश की सड़कों पर दौड़ने वाली हर दूसरी कार हरियाणा में बनती है। हरियाणा में देश के 52 प्रतिशत ट्रैक्टरों का निर्माण होता है। आज हरियाणा में उद्योग का पहिया तेजी से घूम रहा है। खेतों में भरपूर पैदावार हो रही है। महिलाएं सशक्त हुई हैं। अनुसूचित जातियों व पिछड़े वर्गों का सामाजिक-आर्थिक व शैक्षणिक उत्थान हुआ है। मजदूरों के जीवन में खुशहाली आई है। प्रदेश में फोरलेन और सिक्स लेन के हाईवे का जाल बिछा है। यातायात को और सुगम बनाने के लिए जगह-जगह बाईपास व फ्लाईओवर तथा रेलवे ओवर ब्रिज और अंडरब्रिज बने हैं। गरीब से गरीब व्यक्ति को मुफ्त में चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं। उच्च कोटि के शिक्षण संस्थान खुलने से शिक्षा के क्षेत्र में नए युग का सूत्रपात हुआ है। आज हरियाणा में हुए विकास की देश ही नहीं, विदेशों में भी चर्चा हो रही है।
उन्होंने कहा कि हमने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के भाव से ही प्रदेश के हर क्षेत्र का समान विकास सुनिश्चित किया है। इस उद्देश्य से, हमने पूरे प्रदेश में बड़ी-बड़ी परियोजनाएं स्थापित की हैं। हर जिले को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए, प्रदेश में 20 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किये गये हैं, जिनमें से 9 का कार्य पूरा हो चुका है। पिछले 10 वर्षों में 40 हजार करोड़ रुपए की लागत से 1350 कि.मी. लम्बे राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया गया है।

आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत हर नागरिक को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास के नारे और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के दर्शन से प्रेरित होकर सामाजिक न्याय से संपूर्ण विकास की अवधारणा पर चलते हुए समाज कल्याण के एक नए युग का सूत्रपात किया है। अब जाति प्रमाण पत्र से लेकर पीले राशन कार्ड तक और चिरायु कार्ड से लेकर हर तरह की पेंशन आदि ऑनलाइन ही घर बैठे मिल रही हैं। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत अपने हर नागरिक को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही हैप्पी योजना से हर गरीब को हरियाणा रोडवेज की बसों में सालाना 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा का लाभ मिल रहा है। गरीब परिवारों के बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करवाने के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना चलाई हुई है। इसमें बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा के लिए सरकार के खर्च पर ले जाया जाता है। इसके अलावा, प्रदेश के 1 लाख गरीब परिवारों को बिजली के बिल से राहत दिलवाने हेतु प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर सिस्टम लगवाने के लिए सरकार 1 लाख रुपये की सब्सिडी देती है।

गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध सरकार

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 49 हजार 975 मकान बनाए गए हैं तथा 14 हजार 202 मकान बनाए जा रहे हैं। मकान की मरम्मत के लिए भी 80 हजार रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में जमा करवाई जाती है। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत शहरों में 15 हजार 250 गरीब परिवारों को 30-30 गज के प्लाटों के आवंटन पत्र सौंपे गए हैं। साथ ही, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत महाग्राम में 50-50 गज और अन्य गांवों में 100-100 वर्ग गज के प्लाट दिए जा रहे हैं।

कृषि और किसान कल्याण सरकार की नीतियों के केंद्र में

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि और किसान का कल्याण हमारी नीतियों के केंद्र में हैं। हम किसान को फसल की बुवाई से लेकर उसे बाजार में बेचने तक हर कदम पर मदद दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में हरियाणा सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए नये निर्णय लिए हैं। अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे आबियाने को हमने जड़ से खत्म कर दिया है। साथ ही पिछले आबियाने को 133 करोड 55 लाख 48 हजार रुपये की बकाया राशि भी माफ कर दी है। इसके अलावा, हमने किसानों की सभी फसलों की खरीद एमएसपी पर करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस बार बारिश कम हुई है। किसानों को खरीफ की फसलों के लिए ट्यूबवैल आदि का सहारा लेना पड़ा है। इससे उनकी उत्पादन लागत बढ़ी है। इसलिए हमने चालू खरीफ सीजन की सारी फसलों पर प्रति एकड़ 2 हजार रुपये बोनस देने का फैसला लिया है।

10 वर्षों में प्रदेश में 6 लाख 71 हजार से ज्यादा सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग लगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने हरियाणा के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का एक इको-सिस्टम तैयार किया है। हमने उद्योगों की स्थापना में अड़चन पैदा करने वाले अनेक नियमों और प्रक्रियाओं को खत्म कर दिया है। आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। गत 10 वर्षों में प्रदेश में 6 लाख 71 हजार 524 सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग लगे हैं तथा इनमें 34 लाख लोगों को रोजगार मिला है। प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मानधन योजना में खुदरा विक्रेताओं और दुकानदारों के लिए मासिक पेंशन सुनिश्चित की गई है।

इसके अलावा, हाल ही में हमने आढ़तियों के लिए धान की आढ़त को बढ़ाकर 55 रुपये प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा गेहूं में शॉर्टेज के कारण आढ़तियों को पिछली रबी में हुए नुकसान की भरपाई के लिए 12 करोड़ रुपये का मुआवजा देने का निर्णय भी लिया गया है।

पेरिस ओलंपिक में हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते 4 पदक

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे युवाओं ने विदेशों में अपनी प्रतिभा की धाक जमाई हुई है। हाल ही में पेरिस ओलम्पिक में हरियाणा के खिलाडियों ने देश को मिले 6 में से 4 पदक जीतकर हमें गौरवान्वित किया है। कांस्य पदक जीतने वाली हाकी टीम में भी हरियाणा के 3 खिलाड़ी थे। हम खेलों के लिए अति आधुनिक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहे हैं ताकि खिलाड़ियों को वैश्विक मानकों के अनुसार खेल प्रशिक्षण की सुविधा मिले।

जल्द होंगी 36 हजार पदों पर भर्तियां

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने योग्यता के आधार पर 1 लाख 44 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। हम शीघ्र ही 36 हजार और रिक्तियां भरने जा रहे हैं। इतना ही नहीं, हमने आउटसोर्सिंग सेवाओं व हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत 1 लाख 20 हजार कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित करते हुए उन्हें पक्के कर्मचारियों की तरह वेतन व सुविधाएं दी हैं। युवा रोजगार ढूंढने वाला नहीं, बल्कि रोजगार प्रदाता बने, इसके लिए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की है। हमने स्कूल से लेकर विश्वविद्यालय तक की शिक्षा को कौशल के साथ जोड़ा है।
महिलाओं को किया सशक्त:मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं का आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास करने व उन्हें सुरक्षित परिवेश मुहैया करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बेटियों को उच्चतर शिक्षा की सुविधा प्रदान करने के लिए 20 किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज स्थापित किया है। प्रदेश में 76 नए कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें 32 महिला महाविद्यालय हैं। आज पोस्ट ग्रेजुएशन तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा दी जा रही है। देश-विदेश में उच्चतर शिक्षा प्राप्त करने वाली 5 हजार 105 बेटियों को 20 करोड़ 28 लाख रुपये की राशि के ऋण शिक्षा के लिए दिये गये है। इन सभी पर हरियाणा सरकार 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी देती है। राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए एक-तिहाई राशन डिपो महिलाओं को देने का प्रावधान किया गया है। अटल किसान मजदूर कैंटीन व वीटा बिक्री केन्द्रों का संचालन भी महिलाओं को सौंपा गया है। स्वरोजगार के लिए महिलाओं के 66 हजार 465 स्वयं सहायता समूहों का गठन भी किया गया है। पिछले सप्ताह तीज के अवसर पर इनकी रिवॉल्विंग फंड की राशि 20 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये को गई है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य में विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिये 2 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। प्रथम चरण में हमारा लक्ष्य 62 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है। इन्हें विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों में शामिल कर उनका लाभ दिया जाएगा। महिलाओं को धुएं रहित रसोई प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 13 लाख रसोई गैस कनेक्शन दिए गये हैं। हमने हाल ही में महिलाओं को हर गैस सिलेंडर पर 500 रुपये देने का निर्णय किया है। यह राशि हर साल 12 गैस सिलेंडरों पर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विधानपालिका में 33 प्रतिशत आरक्षण देने हेतु नारी शक्ति वंदन बिल पास करवाया है। इसी तरह हमने हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के 5858 गांवों में म्हारा गांव जगमग गांव योजना में 24 घटे बिजली तथा 6 हजार से अधिक गांवों में आप्टिकल फाइबर केबल से इंटरनेट उपलब्ध करवा रहे हैं। हमने संपत्तियों के सालों चलने वाले विवादों को खत्म करने के लिए गांवों को लाल डोरा मुक्त कर दिया है। गांवों के विकास में पंचायती राज संस्थाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए हमने उन्हें कई वित्तीय एवं प्रशासनिक शक्तियां दी हैं। ग्राम पंचायत द्वारा बिना टेंडर के काम करवाने की लिमिट बढ़ाकर 21 लाख रुपये कर दी गई है। पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के मानदेय व पेंशन में भी बढ़ोतरी की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन आत्मविश्लेषण करने का दिन है। आज हम सभी स्वतंत्रता के इस पावन पर्व पर अमर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियां जैसी देशभक्ति, देशप्रेम, साहस व कर्तव्यनिष्ठा को अपनाकर हर कीमत पर आजादी की रक्षा करने का प्रण लें। साथ ही अपनी महान सांस्कृतिक परम्पराओं और उच्च नैतिक मूल्यों पर चलते हुए देश व प्रदेश को अधिक स्वच्छ, स्वस्थ, समृद्ध, सशक्त व विकसित बनाने के लिए कठोर परिश्रम करने का संकल्प दोहराएं।
इस अवसर पर एडीजीपी सीआईडी आलोक मित्तल, कुरुक्षेत्र के उपायुक्त सुशील सारवान, पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह रंधावा सहित जिला प्रशासन तथा पुलिस के अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • फरीदाबाद-आपसी समन्वय के लिए सभी विभाग प्रमुखों के साथ पहली इंटर एजेंसी समन्वय बैठक में लिए गए जनहित निर्णय
  • फरीदाबाद-डीसी विक्रम सिंह आईएएस के मार्गदर्शन में मनाया विश्व रेडक्रॉस दिवस:बिजेन्द्र सोरोत
  • आईएएस सलोनी शर्मा ने फरीदाबाद नगर निगम में एडिशनल कमिश्नर का पदभार संभाला
  • अधिकारी मानसून से पहले शहर के सभी नाले और नालियों की सफाई करवाना करें सुनिश्चित:धीरेंद्र खड़गटा,निगम कमिश्नर
  • सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान करें अधिकारी :डीसी

Recent Comments

No comments to show.

Archives

  • May 2025
  • April 2025
  • March 2025
  • February 2025
  • January 2025
  • December 2024
  • November 2024
  • October 2024
  • September 2024
  • August 2024
  • July 2024
  • June 2024
  • May 2024
  • April 2024
  • March 2024
  • February 2024
  • January 2024
  • December 2023
  • November 2023
  • October 2023
  • September 2023
  • August 2023
  • July 2023
  • June 2023
  • May 2023
  • April 2023
  • March 2023
  • February 2023
  • January 2023

Categories

  • Delhi NCR
  • faridabad
  • Uncategorized
  • कुरुक्षेत्र
  • क्राइम न्यूज़
  • देश-दुनिया
  • नूँह/तावड़ू
  • फरीदाबाद
  • विचार
  • हेल्थ न्यूज़
©2025 Haryana Uday News | Design: Newspaperly WordPress Theme